मामला तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के दुदही नगर पंचायत स्थित गांधी चौक, वार्ड नंबर आठ का है। यहां की निवासी दिव्यांग महिला लंगड़ी देवी, पुत्री राजेंदर कुशवाहा ने आरोप लगाया कि वह पिछले पांच महीनों से सरकारी आवास योजना का लाभ पाने के लिए प्रयास कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
पीड़िता का कहना है कि संबंधित लेखपाल हर बार अगले दिन मौके पर पहुंचकर जांच करने का आश्वासन देते हैं, लेकिन आज तक जांच नहीं की गई। इससे उन्हें बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
लगातार भागदौड़ से परेशान दिव्यांग महिला ने जिलाधिकारी संजय चौहान से मुलाकात कर लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा और आवास दिलाने की मांग की।
महिला के मुताबिक, जिलाधिकारी ने जल्द जांच कराकर आवास दिलाने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन महिला की शिकायत पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और उसे सरकारी आवास योजना का लाभ कब तक मिल पाता है।









