कन्नौज। पुलिस लाइन सभागार में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित कर उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तीकरण पर जोर दिया गया। सम्मेलन का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष मोहन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है। महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उनके अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें सशक्त बनाना है।
सम्मेलन में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को सम्मानित कर समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट: विवेक दीक्षित, कन्नौज









