नौतनवा, महराजगंज। राजीव गांधी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सोमवार को फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में संस्थान के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के विभिन्न चौराहों से गुजरते हुए सभी ने लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रबंधक डॉ. अजीत मणि त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने पिरामिड प्रदर्शन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के गलत इस्तेमाल से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
प्रबंधक डॉ. अजीत मणि त्रिपाठी ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन केवल चिकित्सक की सलाह पर करना चाहिए। निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करना भी जरूरी है। दवाओं का अनावश्यक सेवन और गलत इस्तेमाल एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की समस्या को बढ़ा सकता है, जिससे भविष्य में संक्रमण का इलाज करना मुश्किल हो सकता है।
कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. शोभाराम साहू ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे लोगों को दवाओं की सही खुराक, उपयोग और सावधानियों के बारे में जानकारी देते हैं। उन्होंने लोगों से चिकित्सक की सलाह और फार्मासिस्ट के उचित मार्गदर्शन में ही दवाओं का सेवन करने की अपील की।
इस दौरान छाया राठौर साहू, डॉ. सनी श्रीवास्तव, डॉ. अमित त्रिपाठी, आरजू खान, तरन्नुम परवीन, मोहम्मद हुसैन, हरिओम जायसवाल, आकांक्षा चौरसिया सहित शिक्षक, प्रवक्ता और अन्य लोग मौजूद रहे। रैली के माध्यम से जिम्मेदारी से दवाओं के इस्तेमाल और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया।









