मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का तहसील खड्डा में हुआ लाइव प्रसारण, सांसद विजय कुमार दूबे व ब्लॉक प्रमुख शशांक दूबे रहे मौजूद
खड्डा, कुशीनगर। तहसील खड्डा में सोमवार को बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल क्षति मुआवजा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित किसान बंधुओं को फसल क्षति मुआवजे के चेक वितरित किए तथा किसानों के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे एवं खड्डा ब्लॉक प्रमुख शशांक दूबे प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित अन्नदाता किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उनकी फसल के नुकसान की भरपाई में सहयोग करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों की मेहनत, परिश्रम और आजीविका की रक्षा के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की मजबूत नींव हैं। प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को राहत पहुंचाना और उनके सुख-दुःख में साथ खड़े रहना जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। किसानों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनके हितों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर खड्डा ब्लॉक प्रमुख शशांक दूबे, नगर पंचायत खड्डा के अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, नगर पंचायत छितौनी के अध्यक्ष अशोक निषाद, वरिष्ठ भाजपा नेता नीलेश मिश्रा, आलोक तिवारी, मनोज जायसवाल, कुणाल राव सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं लाभार्थी किसान उपस्थित रहे।









