वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और जलप्रवाह की लगातार हो रही निगरानी, राहत-बचाव की तैयारियां पूरी
महराजगंज। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भूस्खलन के कारण नदी में प्राकृतिक अवरोध बनने और उसके अचानक टूटने से फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। इसके चलते नेपाल के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस घटना को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जिले की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह घटना महराजगंज जनपद से लगभग 150 से 180 किलोमीटर उत्तर दिशा में नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इसका महराजगंज जिले की सीमा में कोई विशेष प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि, संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर पर नजर
डीएम ने बताया कि वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और उससे संबंधित जलप्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जलस्तर या जलप्रवाह में किसी भी तरह का असामान्य बदलाव दिखाई देने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें। इसके साथ ही बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाएं भी तैयार रखी गई हैं।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल जिले में घबराने जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारियां लगातार जारी रहेंगी।









