राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में देवरिया का जलवा, अंतरा सिंह बनीं बेस्ट स्विमर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चार स्वर्ण समेत 11 पदक जीतकर देवरिया के तैराकों ने रचा इतिहास

देवरिया। अंबेडकर नगर में 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय शॉर्ट कोर्स तैराकी प्रतियोगिता में देवरिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। देवरिया तैराकी संघ के छह सदस्यीय दल ने कुल 11 पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इनमें चार स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रतियोगिता में देवरिया की होनहार तैराक अंतरा सिंह ने चार स्वर्ण पदक जीतकर ‘बेस्ट स्विमर’ का खिताब अपने नाम किया। अंतरा ने पहले दिन 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर इंडिविजुअल मेडले में स्वर्ण पदक जीते। दूसरे दिन 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में भी स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं, अंशुल कुमार निषाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच रजत पदक जीते। उन्होंने 50, 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक के साथ 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर इंडिविजुअल मेडले में पदक हासिल किए। रोहन चौहान ने 200 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता।

खिलाड़ियों की सफलता पर जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष गंगतेश्वर सिंह, सचिव देवानंद भारती, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और विवेकानंद शर्मा ने खुशी जताई। कोषाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे और उपसचिव नीरज शर्मा ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। पदाधिकारियों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]