फर्रुखाबाद। जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के देवरान गढ़िया गांव में नवरात्रि के दौरान मिट्टी लेने गई एक महिला की मिट्टी का टीला गिरने से दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, महिला नवरात्रि के अवसर पर मिट्टी लेने के लिए गांव में एक टीले के पास गई थी। वह मिट्टी खोद रही थी, तभी अचानक टीले के किनारे की कच्ची दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को मलबे से बाहर निकाला।
इसके बाद महिला का पुत्र उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।









