गोरखपुर। शाहपुर थाना पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90,500 रुपये नकद और करीब 49 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन अग्रहरी पुत्र रविंद्र प्रसाद अग्रहरी, निवासी मोहनपुर पासी टोला, पादरी बाजार, थाना शाहपुर और रविंद्र प्रसाद अग्रहरी पुत्र स्वर्गीय रामलखन प्रसाद अग्रहरी, निवासी मोहनपुर, थाना शाहपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है।
बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, हार, झुमके, मंगलसूत्र, चेन सहित अन्य कीमती आभूषण और सफेद धातु के सामान शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश हुआ है।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह और सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने गिरफ्तार आरोपियों तथा बरामद सामान के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने शाहपुर पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताया।
करीब 50 लाख रुपये की चोरी का खुलासा होने से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना प्रभारी अंजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता इस कार्रवाई में अहम रही। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।









