देवरिया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रसिद्ध सिद्धपीठ देवरही माता मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। माता रानी के जयकारों, मंदिर की घंटियों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हाथों में पूजा की थाली, नारियल, चुनरी और फूल-माला लेकर भक्त मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और देश की खुशहाली की कामना की।
मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि देवरही माता के प्रति उनकी अटूट आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं माता रानी पूरी करती हैं। इसी विश्वास के साथ दूर-दराज से भी भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। एक श्रद्धालु ने माता रानी के चरणों में भक्ति गीत प्रस्तुत कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गीत सुनकर वहां मौजूद अन्य श्रद्धालु भी भावविभोर हो उठे।
नवरात्रि के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा है। हर ओर जय माता दी के जयकारे गूंज रहे हैं।
रिपोर्ट – फिरोज खान









