सहारनपुर। शिवालिक की पहाड़ियों के बीच स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन मेले का शुभारंभ हुआ। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले का उद्घाटन किया। जिला पंचायत सहारनपुर की ओर से आयोजित इस मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

मां शाकंभरी देवी मंदिर को प्रमुख सिद्धपीठों में गिना जाता है। नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। भक्तों ने मां के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मेले के शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा के कई नेता और सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।
नवरात्र के दौरान मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
रिपोर्ट काशिफ खान, सहारनपुर









