महराजगंज पुलिस की अनूठी पहल, मिशन शक्ति 5.0 के तहत सेखुई में आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को थाना महिला महराजगंज की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम ने ग्राम सेखुई में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बहुओं और बेटियों को उनके अधिकारों तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना और महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।

सम्मेलन के दौरान महिला थाना टीम ने उपस्थित महिलाओं और बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त, सुरक्षित और संस्कारित समाज के निर्माण में बहुओं और बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। परिवार में आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग का वातावरण बनाए रखना जरूरी है। साथ ही बेटियों को समान अवसर देना और उनके अधिकारों का सम्मान करना भी समाज की जिम्मेदारी है।

टीम ने बहू-बेटी सम्मेलन जैसी पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम परिवार और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने में सहायक हैं। महिलाओं को जागरूक बनाकर उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

महराजगंज पुलिस की इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं और बेटियों को जागरूक करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और महिला सम्मान का संदेश दिया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]