पनियरा से पैदल लेहड़ा धाम के लिए निकले श्रद्धालु, माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रसिद्ध लेहड़ा देवी मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए पनियरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शनिवार की शाम पनियरा कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों से सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए लेहड़ा धाम के लिए रवाना हुए। हाथों में धार्मिक झंडे लेकर चल रहे भक्तों ने माता रानी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पनियरा क्षेत्र के श्रद्धालु हर साल शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां लेहड़ा देवी के दर्शन करने के लिए एक दिन पहले शाम को ही पैदल यात्रा शुरू कर देते हैं। श्रद्धालु रातभर पैदल चलकर रविवार की भोर में मंदिर पहुंचते हैं और विधि-विधान से माता रानी का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। इसी परंपरा को निभाते हुए इस बार भी बड़ी संख्या में भक्त पदयात्रा पर निकले।

वहीं, पदयात्रियों की सेवा के लिए पनियरा कस्बे के शांति नगर चौराहे के युवाओं ने सराहनीय पहल की। युवाओं ने चौराहे पर शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को निशुल्क पेयजल और केले वितरित किए। इस दौरान युवाओं ने उत्साह के साथ सेवा कार्य किया, जिससे लंबी दूरी तय कर रहे भक्तों को राहत मिली।

रविवार सुबह लेहड़ा धाम पहुंचकर श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन-पूजन करेंगे। नवरात्र के पहले दिन माता के दरबार में हाजिरी लगाने को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]