घी, कुट्टू का आटा, साबुत कुट्टू, मूंगफली दाना और मूंगफली तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए
महराजगंज। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महराजगंज शहर और परतावल बाजार में पांच दुकानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश पर जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय केके उपाध्याय के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फरेंदा रोड स्थित एम/एस अनवी सुपर मार्ट का निरीक्षण कर घी का नमूना लिया। गोरखपुर रोड स्थित एम/एस वैष्णवी प्रोविजन से साबुत कुट्टू तथा इसी मार्ग पर एम/एस गुप्ता जनरल मर्चेंट से मूंगफली दाना का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं, चिउरहा रोड स्थित एम/एस एवरी डे फ्रेश सुपर मार्ट से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया।
इसके अलावा परतावल बाजार स्थित कौशल के किराना स्टोर का निरीक्षण कर मूंगफली तेल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन कुमार गोंड एवं हिमांशु जयंत शामिल रहे। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।









