अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 55,700 रुपये आंकी गई कीमत, कस्टम विभाग नौतनवां को सौंपे गए दोनों आरोपी
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 10 अक्टूबर 2026 को सोनौली कस्बे की प्रेमनगर कॉलोनी से दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से तीन बोरी संदिग्ध धूल कण बरामद किए। इनका कुल वजन 185.7 किलोग्राम बताया गया है। बरामद सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 55,700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सोनौली विशाल कुमार शुक्ला के निर्देशन में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पटेल ने हमराही हेड कांस्टेबल अनूप कुमार और कांस्टेबल शिवांकान्त सिंह के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रेमनगर कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए रामू पुत्र अमरेश गौड़ (38 वर्ष), निवासी लक्ष्मीनगर टोला टिसूरी, थाना सोनौली और शैलेष पुत्र गणेश प्रसाद (33 वर्ष), निवासी ग्राम पुरैइनहा टोला लोहसी, थाना नौतनवां को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से स्लेटी और भूरे रंग के धूल कण वाली तीन बोरियां बरामद हुईं, जिन्हें पीली धातु/न्यारा मिट्टी बताया गया है। इसके अलावा एक पुरानी साइकिल भी बरामद की गई।
इस मामले में कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को जानकारी सौंप चुकी है।









