श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
महराजगंज। शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना बृजमनगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ ने ब्रीफिंग दी। इस दौरान नवरात्रि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। मंदिर परिसर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के साथ आवागमन को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा जांच करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पूरी जिम्मेदारी के साथ मौजूद रहें और आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
महराजगंज पुलिस की ओर से शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि लेहड़ा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।









