जानकारी के अनुसार, कारवालो नगर स्थित मकान के बेसमेंट में पेंट ब्रश का गोदाम संचालित था। शनिवार दोपहर अचानक गोदाम में आग लग गई। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते गोदाम में आग फैलने लगी और धुआं उठने लगा। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के लोग रहते थे। आग और धुएं को देखते हुए उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
सूचना मिलने पर मीरपुर कैंट से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते परिवार को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि कारवालो नगर में मकान के बेसमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की चार गाड़ियों की मदद से आग बुझा दी गई। मकान में रह रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।









