कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी सह-प्रभारी का मुगलसराय में जोरदार स्वागत, बोले— आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर रही पार्टी
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी वरुण चौधरी का शनिवार को मुगलसराय पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनाव और दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
वरुण चौधरी ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और उनकी गिरफ्तारी नहीं हो जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उनका कहना था कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने और कथित अनियमितताओं पर रोक लगने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद परिसर में भी कथित वोट चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। वरुण चौधरी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों पर चुनावी अनियमितताओं के सहारे सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर वरुण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस भाजपा को हराने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि बनारस और प्रयागराज के बाद अब चंदौली में संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गठबंधन की ओर से जो भी प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए, उसे जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें। उन्होंने कहा कि गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही स्थिति स्पष्ट करेगा। फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करना है।
भाजपा पर अनियमितताओं का आरोप
वरुण चौधरी ने भाजपा पर चंदे और चढ़ावे से जुड़े मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के सामने उठाती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, दयाराम पटेल, तौसीफ, अकील अहमद बाबू, विजय गुप्ता, दशरथ चौहान, उषा यादव, मुन्नी पटेल, पूजा गुप्ता, हेलेन पैट्रिक, उमेश चौहान, तारीख अब्बास, दिलीप पाल, इमरान अहमद, विशन सोनकर, रूपेश चौहान, संतोष पासवान, इमरान आलम, राकेश कुमार सिंह, रमेश पांडेय, इकबाल अहमद, शकील अहमद, कन्हैया मोदनवाल, संजय चौहान, कुंदन गुप्ता, अनुज कुमार, रमेश यादव, अजीत कुमार गिरी, किशोरी लाल शर्मा, देवेश महाराज जी, राधेश्याम पासवान, संगीता सिंह, अहमद हाजी, राकेश यादव और अनवर सादात सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









