रायबरेली। शहर में शहीद स्मारक और सई नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की पहल शुरू हो गई है। शहीद स्मारक के पास सई नदी में लंबे समय से जमा जलकुंभी और कूड़े-कचरे की सफाई समाजसेवियों ने कराई। सफाई अभियान के बाद जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शहीद स्मारक का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

सई नदी की सफाई का कार्य सुनिए कथा रघुनाथ समिति के सदस्यों की ओर से कराया गया। जिलाधिकारी ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रायबरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को शहीद स्मारक की मरम्मत कराने, आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था करने और परिसर को बेहतर स्वरूप देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्मारक को जल्द से जल्द सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित करने पर जोर दिया, ताकि यह स्थान शहरवासियों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। इसके साथ ही शहीद स्मारक पर सुंदरकांड पाठ और सई नदी की आरती आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पहल का उद्देश्य ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यीकरण करने के साथ नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
रिपोर्ट: मनीष अवस्थी, रायबरेली।









