फरेंदा में जर्जर संपर्क मार्गों से ग्रामीण परेशान, जोखिम भरा हुआ आवागमन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक साल पहले बनी सड़क की गिट्टियां उखड़ीं, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र में संपर्क मार्गों की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। क्षेत्र की कई सड़कों की पिचिंग उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए इन मार्गों से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र के कई संपर्क मार्गों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क का नामोनिशान तक मिट गया है। सबसे खराब स्थिति निरनाम पूर्वी के टोला लेदवा में देखने को मिल रही है। यहां करीब एक वर्ष पहले बनाई गई सड़क की गिट्टियां उखड़कर बिखर गई हैं। सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद मार्ग की हालत बिगड़ने लगी, जिससे इसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां फैली होने के कारण पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग से गुजरते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर बारिश के दिनों में गड्ढों और पानी के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर संबंधित जिम्मेदारों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क मार्गों की स्थिति की जांच कराने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]