महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने 12 अक्टूबर से शुरू होने वाली एफएलसी (प्रथम स्तरीय जांच) प्रक्रिया के दृष्टिगत मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए सहयोग की अपेक्षा की, ताकि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य संपन्न कराया जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने एसआईआर-2026 से पूर्व मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान पर चर्चा की। उन्होंने राजनीतिक दलों से ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान करने में सहयोग करने का अनुरोध किया, जिनके नाम पूर्व में मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं।
साथ ही, पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं यानी फर्स्ट टाइम वोटर्स के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और अधिक से अधिक योग्य नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।









