पत्रकारों ने जब मंत्री से सवाल किया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। लखींद्र पासवान ने कहा कि बिहार की जनता ने विपक्षी नेताओं को पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और लोकसभा-विधानसभा में विपक्ष के नेता केवल चर्चा में बने रहने के लिए बयानबाजी करते हैं। मंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार बिहार की जनता को गुमराह कर रहा है, लेकिन अब उनका यह तरीका ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं है।
लखींद्र पासवान ने एनडीए की एकजुटता पर भरोसा जताते हुए आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जाहिर की। बैठक के बाद दिए गए उनके बयान से बिहार में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है।









