इटावा। सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब विश्वविद्यालय में तैनात 45 वर्षीय वार्ड लेडी मीना यादव करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गईं। महिला ने बहू और उसके मायके पक्ष पर उत्पीड़न तथा पुलिस पर शिकायत की सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया। सहकर्मियों और अधिकारियों की समझाइश के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आईं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे मीना यादव विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने स्थित टावर पर चढ़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. आदेश कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, मुख्य सुरक्षा अधिकारी रूपेश सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों और पुलिस ने महिला को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुईं।
महिला का आरोप है कि उनके बेटे राहुल की ससुराल से आए लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उनके गहने तोड़ दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें धमकाकर भगा दिया।
काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के प्रयासों के बाद महिला की साथी कर्मचारियों ने उनसे बातचीत की और मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब शाम 4:30 बजे मीना यादव सुरक्षित नीचे उतर आईं। नीचे उतरने के बाद उन्होंने अपनी आपबीती बताई और बेटे-बहू को संपत्ति से बेदखल करने की बात कहते हुए लिखित शिकायत सौंपी।
वहीं, थाना प्रभारी भूपेंद्र राठी ने महिला के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी और महिला थाने में अभद्रता कर रही थीं।
फिलहाल, महिला की शिकायत और दोनों पक्षों के आरोपों को लेकर मामले में आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रिपोर्ट: अमित वर्मा, इटावा









