असुरन चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, दुकानदारों को चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस ने असुरन चौराहे पर विशेष अतिक्रमण और अवैध पार्किंग विरोधी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने सड़क और फुटपाथ से अवैध अतिक्रमण हटवाया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी।

अभियान के दौरान असुरन चौराहे और फुटपाथों पर ठेला-खोमचा लगाने तथा दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर आवागमन बाधित करने वालों को हटाया गया। पुलिस ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। अधिकारियों के अनुसार, सड़क और फुटपाथ पर कब्जे के कारण राहगीरों को परेशानी होती है और यातायात प्रभावित होने से जाम की स्थिति बनती है।

पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में नागरिकों का सहयोग जरूरी है। अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और राहगीरों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]