आईएसबीटी बस स्टैंड के सामने वाहन से उठीं ऊंची लपटें, राहगीरों ने दिखाई हिम्मत; शॉर्ट सर्किट की आशंका
आगरा। ताजनगरी आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में आईएसबीटी बस स्टैंड के सामने नेशनल हाईवे पर ऑटो पार्ट्स से भरे मिनी लोडर (छोटा हाथी) में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग की लपटें देख राहगीरों में मचा हड़कंप
हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने जब मिनी लोडर को आग की लपटों से घिरा देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए वाहन में रखे ऑटो पार्ट्स के कार्टून बाहर निकालने शुरू कर दिए, ताकि सामान को आग की चपेट में आने से बचाया जा सके।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि वाहन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
हाईवे पर जुटी भीड़, यातायात प्रभावित
घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। वाहन में अचानक आग लगने और उससे उठती ऊंची लपटों के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग से वाहन को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।









