मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 32 वर्षीय युवक मोहम्मद आजम उर्फ शहंशाह की मौत हो गई। जयपुर से घर लौटे युवक की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन उसे उपचार के लिए सैफई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवक घर में अकेला था, जबकि उसकी मां गुरसहायगंज गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और परिजनों की मदद से अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलने पर बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, युवक के कमरे से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।









