कुशीनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम शामिल कराने और ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की जांच की तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि एक अक्टूबर 2026 से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अभियान चल रहा है। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क किया जा सकता है। राजनीतिक दलों से भी ऐसे लोगों को चिह्नित कर आवेदन कराने में सहयोग की अपील की गई।
अधिकारियों ने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 12 अक्टूबर से शुरू होना प्रस्तावित है। इसके लिए राजनीतिक दलों से अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने को कहा गया।
बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपील की।









