बहराइच। भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश यादव ने शुक्रवार को बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र स्थित घोसियाना इलाके में किसानों के साथ बैठक की। इस दौरान किसानों ने खाद की किल्लत, बिजली कटौती, गन्ने के बकाया भुगतान और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान जैसी समस्याएं उठाईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने कहा कि खाद की उपलब्धता में कमी और बिजली कटौती के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं, गन्ने का बकाया भुगतान नहीं होने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवारा पशुओं से फसलों को नुकसान पहुंचने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश यादव ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन किसानों की मांगों को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर दिल्ली तक पहुंचाएगा और उनके हितों के लिए संघर्ष करेगा।
बैठक के दौरान संगठन को जिले में मजबूत बनाने के उद्देश्य से शरीफ उर्फ ननकुन्ने को बहराइच का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें माला पहनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही गांव-गांव जाकर किसानों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के निर्देश दिए।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शरीफ उर्फ ननकुन्ने ने किसानों के हितों के लिए संघर्ष करने और संगठन को जिले में मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और सैकड़ों किसान मौजूद रहे।









