मथुरा। जनपद मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में कथित बाबरिया गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना फरह क्षेत्र के ग्राम थिरावली, थाना जीवना और कस्बा फरह में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित बताए जा रहे बाबरिया गैंग के दो सदस्य राजस्थान की ओर से फरह आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना फरह पुलिस और स्वाट टीम ने परखम नहर पुल पर चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चोरी की सफेद धातु की दो जोड़ी पायजेब और 10,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
अनिल कपरवान
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत
मोबाइल: 7065505050









