बारिश के बीच भरभराकर गिरी मकान की छत, 35 वर्षीय हिमांशु गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के सोनहुल गांव में गुरुवार देर शाम बारिश के बीच एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान के अंदर मौजूद 35 वर्षीय हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने मलबे के बीच घायल हिमांशु को बाहर निकालकर तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि हिमांशु अपने मकान में ही चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था। इसी दुकान से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुए हादसे से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष कैलाश जायसवाल और सोनहुल गांव के पूर्व प्रधान संजय मौर्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और घायल के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

लगातार बारिश के बीच मकान की छत गिरने की इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। फिलहाल हिमांशु का बेहतर उपचार कराने के लिए उसे वाराणसी रेफर किया गया है।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]