दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर फरेंदा थाने में पीस कमेटी की बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरेंदा, महराजगंज। आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना फरेंदा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार फरेंदा की मौजूदगी में पंडाल आयोजकों, मेला आयोजकों और मूर्तिकारों के साथ त्योहार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शासन तथा उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों से सभी आयोजकों को अवगत कराया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है। आयोजकों से अपील की गई कि वे सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।

इस दौरान पंडाल एवं मेला आयोजकों तथा मूर्तिकारों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के निर्धारित समय में निस्तारण का आश्वासन दिया।

बैठक में अधिकारियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही गई। बैठक में पुलिसकर्मियों सहित पंडाल आयोजक, मेला आयोजक और मूर्तिकार मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]