समय पर पहुंची 108 एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक, गंभीर घायल युवक की बची जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। लक्ष्मीपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद समय पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा और प्रशिक्षित ईएमटी की तत्परता से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार मिल सका। हादसे में घायल 30 वर्षीय अजय पुत्र हरिराम, निवासी महूलेना, थाना नौतनवा को प्राथमिक उपचार के साथ सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।

जानकारी के अनुसार अजय बाइक से चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चौराहे पर मौजूद अरबाज ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर क्षेत्र की 108 एंबुलेंस संख्या UP32 FG 2664 के ईएमटी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को तत्काल एंबुलेंस में शिफ्ट कराया और आवश्यक प्राथमिक आपातकालीन देखभाल देते हुए सीएचसी लक्ष्मीपुर के लिए रवाना हुए।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में घायल की हालत बिगड़ने पर ईएमटी मुकेश कुमार ने तत्काल ERC के चिकित्सक डॉ. हरीश द्विवेदी से संपर्क किया। चिकित्सकीय मार्गदर्शन में उन्होंने घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यक पेशेंट केयर और आपातकालीन प्रबंधन जारी रखा। इसके बाद घायल को सुरक्षित रूप से सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। भर्ती के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई।

इस दौरान ईएमटी की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और ERC चिकित्सक से समन्वय महत्वपूर्ण रहा। क्लस्टर ट्रेनिंग के दौरान सीखे गए आपातकालीन प्रोटोकॉल और व्यवहारिक कौशल का इस्तेमाल करते हुए ईएमटी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं एंबुलेंस पायलट ने भी घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घायल के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा और स्टाफ की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस मिलने और रास्ते में मिले उपचार से घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]