मिल में मशीन की चपेट में आया श्रमिक, पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। शहरी क्षेत्र स्थित अरोहूल मिल में काम करने के दौरान एक श्रमिक का पैर अचानक मशीन में फंस गया। हादसे में उसका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल श्रमिक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

घायल श्रमिक की पहचान वीरू (30) पुत्र नंद किशोर निवासी लोधी मोहल्ला, थाना इटावा, जनपद इटावा के रूप में हुई है। बताया गया कि वीरू अरोहूल मिल में श्रमिक के तौर पर काम करता है। काम के दौरान अचानक उसका पैर मशीन की चपेट में आ गया। हादसा होते ही मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने किसी तरह उसे मशीन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने मिल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मशीनों के संचालन के दौरान यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो हादसे को टाला जा सकता था।

गंभीर रूप से घायल वीरू की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे के बाद मिल में श्रमिकों की सुरक्षा और मशीनों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]