गोरखपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने मौजूद लोगों को टीबी उन्मूलन की शपथ दिलाई। इस दौरान उपचाराधीन 10 टीबी मरीजों को गोद भी लिया गया। इससे पहले सीएमओ ने चरगांवा पीएचसी का औचक निरीक्षण किया, जहां 10 कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा है।
डॉ. राजेश झा ने बताया कि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को गति देने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में जोश टीम का गठन किया जा रहा है। इसमें एनसीसी और एनएसएस से जुड़े लोग शामिल होकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और मरीजों की मदद में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसका जिला स्तर पर वर्चुअल प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निजी ब्लड बैंक के प्रभारी राजीव पांडेय ने 10 टीबी उपचाराधीन मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार के दौरान देखभाल और मदद का स्वैच्छिक संकल्प लिया।
वहीं, चरगांवा पीएचसी के निरीक्षण में सीएमओ ने निर्माण कार्य, ईटीसी और प्रसव कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके चौधरी और एचईओ मनोज कुमार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला कर्मियों और दिव्यांगों के अनुकूल सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में एडी हेल्थ डॉ. बीएम राव, डीटीओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









