प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर युवाओं, किसानों, गरीबों और PDA वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं बढ़ी हैं।
सपा का कहना है कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और रोजगार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल की बात सामने आई है। पार्टी ने सवाल उठाया कि पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किस स्तर से दिया गया।
सपा ने उत्तर प्रदेश की कानून–व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। पार्टी का दावा है कि PDA वर्ग के लोगों से जुड़े अपराध, बेटियों के साथ दुष्कर्म और फर्जी मुकदमों के मामले सामने आए हैं। सपा ने पुलिस हिरासत में मौत और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।
विश्वकर्मा समाज को लेकर सपा ने दावा किया कि समाज के 45 नौजवानों की हत्या और बेटियों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं हुईं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पार्टी ने पिछली सपा सरकार में विश्वकर्मा समाज के हित में लिए गए फैसलों को समाप्त करने का भी आरोप लगाया।
सपा ने भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण और पेपर लीक को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी का दावा है कि 22 भर्ती परीक्षाओं में PDA वर्ग के 11,514 आरक्षित पदों का नुकसान हुआ और 20 परीक्षाएं लीक हुईं।
सपा ने 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया।
बाइट — राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री, समाजवादी पार्टी
रिपोर्ट — प्रेम मिश्रा
स्थान — प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश









