रसूलाबाद में सपा का प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर देहात। रसूलाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पैदल यात्रा की अनुमति नहीं मिलने पर सपा नेता और कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम काटे गए हैं। जिला प्रभारी डॉ. नरेंद्र यादव ने दावा किया कि क्षेत्र में करीब 55 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता बरतने और सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने की मांग की।

पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया ने प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के मताधिकार से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार पंकज उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और मतदाता सूची में सुधार की मांग की गई।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष बबलू राजा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट – उत्कर्ष सिंह

और पढ़ें

[the_ad id="164"]