बाराबंकी में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की सहायक उपकरण योजना के तहत दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, बैसाखी, व्हीलचेयर, कान की मशीन, छड़ी और स्मार्ट केन समेत कई आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 102 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, 10 जोड़ी बैसाखी, 5 व्हीलचेयर, 5 कान की मशीन और 2 छड़ी प्रदान की गईं।
इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए। समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के 5 और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 2 लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
वहीं महिला कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 5, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 5 और निराश्रित महिला पेंशन योजना के 10 लाभार्थियों को योजना का स्वीकृति प्रमाण पत्र मिला।
इस तरह शिविर के माध्यम से कुल 156 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी एजाजुल हक, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट — रवेंद्र वर्मा
स्थान — बाराबंकी









