टीबी हारेगा-कुशीनगर जीतेगा’ के संकल्प के साथ जोश टीम का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। टीम का उद्देश्य जिले में टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सक्रिय टीबी खोज अभियान को गति देना है। ‘टीबी हारेगा–कुशीनगर जीतेगा’ के संकल्प के साथ टीम के सदस्य गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगे।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए राष्ट्रीय कार्यक्रम का बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया।

जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान ने की। इस दौरान विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, विधायक मनीष जायसवाल और विधायक विनय प्रकाश गोड़ समेत अधिकारी, कर्मचारी, युवा और स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन की शपथ भी दिलाई गई।

‘जोश टीम’ के सदस्य लोगों को लंबे समय तक रहने वाली खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसे टीबी के संभावित लक्षणों के बारे में जानकारी देंगे। संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें जांच और निःशुल्क उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि टीबी की समय पर पहचान, नियमित दवा और पूरा उपचार बीमारी पर नियंत्रण के लिए बेहद जरूरी है। अभियान के जरिए टीबी से जुड़ी भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने पर भी जोर दिया जाएगा।

 साजिद अंसारी, पड़रौना  –   रिपोर्ट 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]