महराजगंज। आगामी 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने गुरुवार को लेहड़ा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और नगर पंचायत की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पूर्वांचल के आस्था के प्रमुख केंद्रों में शामिल लेहड़ा देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया है।
निरीक्षण के दौरान नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में भारी भीड़ होती है, इसलिए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी।
नगर अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर परिसर के साथ ही मेले तक जाने वाले मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी। इसके अलावा साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडे, विनोद तिवारी, सभासद झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, शिव प्रसाद चौरसिया, राजन चौरसिया, सनी रैना सहित नगर पंचायत के विद्युत कर्मी और अन्य लोग मौजूद रहे।









