फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम जैसे मामलों में संलिप्त एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए जीआरपी पुलिस लगातार चेकिंग और गश्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में फर्रुखाबाद जंक्शन पर पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 के आगे फतेहगढ़ साइड रेलवे पटरियों के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान नासिर उर्फ मोहम्मद आमीन, निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से अलग-अलग कंपनियों के चार चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए हैं।
जीआरपी के अनुसार आरोपी के खिलाफ फर्रुखाबाद और कानपुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अमित कुमार, फर्रुखाबाद – रिपोटर









