बिना हेलमेट बुलेट चलाने पर भाजपा विधायक का चालान, कार्रवाई पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर। सेवा कलश ज्योति यात्रा के दौरान गोविंद नगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का बिना हेलमेट बुलेट चलाना चर्चा का विषय बना हुआ है। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर विधायक का एक हजार रुपये का चालान किया है। हालांकि, यात्रा में शामिल कई अन्य लोग भी बिना हेलमेट वाहन चलाते नजर आए, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सेवा कलश ज्योति यात्रा के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी बुलेट चलाते हुए दिखाई दिए। उनके सिर पर हेलमेट नहीं था। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हजार रुपये का चालान किया। वहीं, यात्रा में शामिल कई समर्थक भी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते नजर आए। इसके अलावा कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार का भी बिना हेलमेट स्कूटी चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। सपा नेताओं का कहना है कि यातायात नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। जब यात्रा में बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे तो कार्रवाई केवल एक व्यक्ति के खिलाफ क्यों की गई।

मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कानपुर जिलाध्यक्ष सौरभ ठाकुर ने कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस को नियम तोड़ने वाले सभी लोगों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। मामला सामने आने के बाद यातायात नियमों के पालन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]