बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों ने हिस्सा लिया

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों ने कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं को सम्मानित किया। उन्होंने उनके त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान की सराहना करते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक के अंत में जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी कर्नल संजय यादव (सेवानिवृत्त) ने सभी अधिकारियों, सदस्यों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया।









