गोरखपुर। नौकरी के लिए इंटरव्यू देने गोरखपुर आए एक युवक को मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले का खुलासा गुरुवार को सीओ कैंट अरुण कुमार यश ने किया।
पुलिस के अनुसार राजा गोरखपुर में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आया था। इंटरव्यू देने के बाद वापस लौटते समय उसने एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली। बाइक चोरी की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान शुरू की। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
सीओ कैंट अरुण कुमार यश ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। समय रहते कार्रवाई होने से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई।
इसी दौरान रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास हुई दूसरी चोरी की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और संयुक्त पुलिस टीमों की मदद से लगातार कार्रवाई की जा रही है।









