पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सुभाष पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक किया जाएगा।

धरने का नेतृत्व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने किया। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर चक्का जाम सहित अन्य लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने भी विपक्षी नेताओं के साथ कथित कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही। कांग्रेस नेता दयाराम पटेल ने कहा कि राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में धरना जारी रहेगा।
प्रदर्शन को देखते हुए सुभाष पार्क और आसपास के क्षेत्र में पुलिस और पीएसी की तैनाती रही। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









