साइबर अपराध से बचाव को लेकर महाविद्यालय में जागरूकता अभियान, पुलिस ने छात्र-छात्राओं को बताए सुरक्षा के उपाय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए महराजगंज पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना महराजगंज पुलिस टीम ने पंडित काशी प्रसाद दीक्षित शिक्षण एवं प्रशिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पकड़ी दीक्षित में एक दिवसीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, वित्तीय ठगी, एपीके (APK) फाइल के जरिए होने वाले साइबर स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए तरीकों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर उनकी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप या एपीके फाइल डाउनलोड करने और किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय भी बताए गए। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा मजबूत रखने, संदिग्ध संदेशों और कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल शिकायत करने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने बताया कि साइबर वित्तीय ठगी होने पर पीड़ित व्यक्ति तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी साइबर अपराध की रिपोर्ट की जा सकती है। पुलिस ने त्वरित रिपोर्टिंग को ठगी की स्थिति में बेहद महत्वपूर्ण बताया।

इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]