बिजनौर। चांदपुर तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने बैठक कर किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इसके बाद किसान नेताओं ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम चांदपुर को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।
बैठक में किसानों ने फर्द खतौनी जारी करने के लिए दो काउंटर संचालित करने तथा फर्द खसरा तहसील से ही जारी किए जाने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि अंश और फर्द में गड़बड़ी के कारण कुर्रे तक्सीम में परेशानी हो रही है। उन्होंने पटवारियों द्वारा की गई गलतियों को तत्काल ठीक कराने और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने क्षेत्र की गौशालाओं की बेहतर देखभाल कराने, गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने तथा मिट्टी के अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की। तहसील परिसर में सक्रिय दलालों के प्रवेश पर रोक लगाने और किसानों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा नकली दवाओं की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, कांटा बंदी और मुकदमों में सही नाप-तौल सुनिश्चित कराने की मांग की गई। किसानों ने चांदपुर से बास्टा तक सड़क की जल्द मरम्मत कराने तथा बिजली के बिलों में हो रही गड़बड़ियों को दूर कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की।
किसान नेताओं ने कहा कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे आंदोलन करने को मजबूर होगा। ज्ञापन के दौरान सुरेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जलीलपुर और उत्तम कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष नूरपुर समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









