बाराबंकी में चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। कोतवाली नगर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीली धातु की चेन के तीन टुकड़े और वारदात में इस्तेमाल Yamaha MT-15 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलीजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने पल्हरी अंडरपास के पास घेराबंदी कर करमुल्लापुर निवासी शिवा गौतम और कुड़ी, थाना सफदरगंज निवासी राज वर्मा उर्फ एसके को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सुनसान रास्तों से गुजरने वाली महिलाओं पर नजर रखते थे। पहले मोटरसाइकिल से उनका पीछा करते और मौका मिलते ही पीछे से गले में पहनी चेन झपटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद छीनी गई चेन को पहचान छिपाने के लिए छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि चार अक्टूबर की रात कृष्णानगर के पास भी दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल से एक महिला के गले से चेन झपटी थी। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और पूर्व में की गई अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद चेन के संबंध में भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]