सहारनपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत सहारनपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना मंडी और थाना जनकपुरी पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 3 किलो 52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब छह करोड़ नौ लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि थाना मंडी पुलिस की कार्रवाई में 1 किलो 28 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। इस मामले में गिरफ्तार शहजाद उर्फ कालू पर करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। वह शामली का टॉप-10 अपराधी भी रह चुका है।
वहीं, थाना जनकपुरी पुलिस ने तकिया खानआलमपुरा निवासी साकिर उर्फ भूरा पुत्र महमूद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 किलो 24 ग्राम स्मैक, 300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।









