बाराबंकी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बुधवार को बाराबंकी में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। अयोध्या रोड स्थित सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने किया।
प्रशिक्षण में जिले के 118 फील्ड ट्रेनरों को दो बैचों में चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनरों को ऐप आधारित डिजिटल जनगणना, प्रश्नावली भरने, सूचनाओं के सही संकलन और सत्यापन समेत विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।
डीएम ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना के सटीक और विश्वसनीय आंकड़े देश की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने और सर्वेक्षण के दौरान किसी भी तरह की त्रुटि से बचने के निर्देश दिए। साथ ही जनगणना में जुटाई जाने वाली सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सहायक निदेशक जनगणना अजय सिंह भारती ने बताया कि बाराबंकी में जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से 40 प्रश्नों के जरिए आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। कार्यक्रम में सीडीओ पंकज वर्मा, एडीएम निरंकार सिंह, एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल समेत अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









