कुशीनगर। जिला मुख्यालय रविंद्रनगर धूस, पडरौना स्थित जिला स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पड़रौना विधानसभा क्षेत्र के ई. मनोज कुमार सिंह ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संबोधन उपस्थित लोगों ने लाइव सुना।

ई. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गांव से ग्लोबल तक भारत की विकास यात्रा में प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान कार्यकर्ताओं को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए सक्रिय रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा सेवा और समर्पण के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिला प्रभारी कामेश्वर सिंह, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









