कसया। श्रम विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को गांधी चौक स्थित लेबर अड्डा पर श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन चिकित्सा विभाग और उम्मीद सामाजिक संस्था के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

शिविर में लेबर अड्डा पर काम की तलाश में पहुंचे 87 श्रमिकों का मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की और उनकी समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों का पंजीयन भी किया गया, जिससे उन्हें श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों को पंजीयन के महत्व और शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में श्रम विभाग, कुशीनगर की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, अभिषेक श्रीवास्तव और शशि शेखर मिश्रा मौजूद रहे। उम्मीद सामाजिक संस्था की ओर से वरुण राय और उमेश पवन ने सहयोग किया। चिकित्सा विभाग की टीम ने श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की।
इस दौरान श्रमिक सुभाष, राजकुमार, टुनटुन, अर्जुन, संतोष, सुरेश, जवाहर, गोविंद, बनवारी, प्रभु सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।









